चित्रकूट। आषाढ़ अमावस्या मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन से विशेष मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 13 से 15 जुलाई तक चलेंगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेन और मेमू सेवा भी संचालित की जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मी बाई झांसी और चित्रकूट धाम कर्वी के बीच प्रतिदिन दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें ओरछा, बरुआसागर, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, महोबा, कबरई, बांदा, अतर्रा, बदौसा, भरतकूप और शिवरामपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। संवाद