चित्रकूट। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले के स्टेडियम में वॉक रेस और वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। वॉक रेस में बालिका वर्ग से सोनाली और बालक वर्ग से अजय ने बाजी मारी। वॉलीबॉल के मुकाबले में स्टेडियम की टीम ने शिवरामपुर पुलिस चौकी टीम को आसानी से मात दे दी।
स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी अजय कुमार सेठी व उपक्रीडा अधिकारी सुधीर कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में पांच किमी की वॉक रेस हुई। इसमें बालिका वर्ग में सोनाली प्रथम, खुशबू द्वितीय व नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग मेें अजय कुमार प्रथम, श्रीकांत द्वितीय व रावेंद्र द्विवेदी तीसरे स्थान पर रहे।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम, शिवरामपुर पुलिस चौकी व सीतापुर प्रमोदवन की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने 21-12 व 22-11 से शिवरामपुर पुलिस चौकी की टीम को हरा दिया।
क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी अजय कुमार सेठी ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर अवधेश प्रताप सिंह, सुरेश द्विवेदी, संदीप कुमार, श्रवण कुमार, मतगंजन, तुषारकांत शास्त्री, राकेश चौधरी, संगम सिंह, पंकज व राधेश्याम मौजूद रहे।