चित्रकूट। मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के तुलसीपुर इंटर कॉलेज राजापुर और पुरानी बाजार के बूथों पर मतदाता सूची में मतदाताओं के नामों में गंभीर विसंगतियां मिलीं। सूची में कहीं पिता और पुत्र के नाम एक हैं तो कहीं नामों की वर्तनी की त्रुटियां हैं। सूची में मतदाता का नाम शंकर की जगह पर शकर दर्ज है। एक ही परिवार के चार मतदाताओं के नाम में पिता के नाम अलग-अलग दर्ज हैं। मतदाताओं के नाम में विसंगतियों के चलते 1.57 लाख मतदाताओं को थमाई गई नोटिसों से वो हलकान हैं। हालांकि जिला प्रशासन संबंधित से साक्ष्य मांगे हैं और मतदाता सूची में विद्यमान त्रुटियों को बीएलओ दुरुस्त कराने में जुटे हैं।
-
पिता-पुत्र का नाम एक समान
मानिकपुर विधानसभा के राजापुर क्षेत्र के बूथ संख्या-1 पर अमन जायसवाल का नाम मतदाता सूची में दर्ज है। लेकिन उनके पिता के नाम के स्थान पर भी अमन जायसवाल ही दर्ज कर दिया गया है। एसआईआर के दौरान हुई इस गलती से अमन परेशान हैं। उनका कहना है कि उन्होंने सही जानकारी दी थी, फिर भी सूची में पिता का नाम बदलकर उनका ही नाम चढ़ा दिया गया। इसी परिवार में उनके भाई शिवम के नाम में भी अंग्रेजी वर्तनी में जायसवाल को अलग ढंग से दर्ज कर दिया गया है। इसमें दस्तावेजों में असमानता पैदा हो गई है।
नाम में बदलाव समझ से परे
इसी बूथ संख्या-1 पर एक अन्य मतदाता पवन के नाम में भी गड़बड़ी मिली है। सूची में उनके पिता के नाम की जगह पवन सोनकर दर्ज कर दिया गया है। पवन का कहना है कि फार्म भरते समय सभी विवरण सही दर्ज किए गए थे। अब नाम में बदलाव कैसे हो गया, यह समझ से परे है।
धर्मेंद्र बना ध्रामांद
राजापुर क्षेत्र के तुलसी इंटर कॉलेज बूथ की मतदाता सूची में धर्मेंद्र का नाम गलत दर्ज कर ध्रामांद लिख दिया गया है। धर्मेंद्र का कहना है कि उन्होंने मौके पर स्वयं उपस्थित होकर फार्म भरा था। इसके बावजूद नाम की ऐसी त्रुटि होना विभागीय लापरवाही दर्शाता है।
-
एक ही घर में पिता के अलग-अलग नाम
राजापुर क्षेत्र के एक परिवार में तीन संतानों एक बेटी और दो बेटों के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं। बेटी के नाम में पिता का नाम चुन्नी लाल दर्ज है। वहीं बेटों के नाम में पिता चुन्नी लाल लिखा हैं। एक ही परिवार में पिता के नाम की अलग-अलग वर्तनी से भ्रम की स्थिति बन गई है। परिवार का कहना है कि सभी ने सही दस्तावेज प्रस्तुत किए थे, फिर भी सूची में त्रुटि कर दी गई।
-
42 हजार लोगों ने विसंगति सूची में सही कराई वर्तनी
जिले में करीब 15 दिन पहले जारी हुई विसंगति सूची में 1.56 लाख लोगों में से अबतक 42 हजार लोगों ने अपने नामों व आयु के अंतर को ठीक करा लिया गया है। इस सूची की नोटिस बीएलओ द्वारा घर घर पहुंचाया जा रहा है। मतदाता नोटिस प्राप्त कर बीएलओ के माध्यम से ही अपने नाम व आयु की गड़बड़ी को ठीक करा सकता है। इसके साथ कोई परेशानी होने पर कार्यालय पहुंच सकता है। सहायक चुनाव अधिकारी उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि बीएलओ घर घर जाकर विसंगति मतदाता सूची में शामिल लोगों को नोटिस दिया जा रहा है। साथ ही उनकी फोटो लेकर फार्म भी भरे जा रहे हैं। तय समय सीमा में मतदाताओं सूचियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा।