भारतीय स्टेट बैंक शाखा कर्वी में शनिवार को सरल लघु अपराध अर्थदंड जमा योजना का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला जज आनंद कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस योजना के तहत पावर ज्योति खाते का संचालन लघु अपराधों में अर्थदंड जमा करने के लिए किया जाएगा। इससे वादकारियों को कोर्ट नहीं जाना पड़ेगा। उनके समय और धन की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि जिले अथवा प्रदेश के बाहर के अभियुक्त, जो छोटे अपराधों में वांछित हैं, उन्हें विशेष समन भेजकर इस खाते के बारे में अवगत कराया जाएगा, जिसमें अर्थदंड का भी उल्लेख होगा। संबंधित पक्षकार उस समन के साथ संलग्न चालान फार्म में हस्ताक्षर करके अर्थदंड की धनराशि और पचास रुपये अतिरिक्त बैंक के शुल्क सहित निकटस्थ भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा करके रसीद लेकर अपने मुकदमे का निस्तारण घर बैठे करवा सकेंगे।
मौके पर शशिमौलि तिवारी, अपर जिला जज कक्ष संख्या 1, पूणेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अपर जिला जज कक्ष संख्या 4, कृष्ण कुमार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुधा सिंह, सिविल जज (जू.डि.), अशोक कुमार सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय, मनोज कुमार मिश्र, सिविल जज (जू.डि.) मऊ , अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन बैंक के मुख्य प्रबंधक एनपी सिंह ने किया।