चित्रकूट। कर्वी में एलआईसी तिराहा स्थित इंडियन बैंक मुख्य शाखा के सामने चोरों ने एक मकान में चोरी कर ली। कोतवाली से महज 500 मीटर दूर एक मकान के छह ताले ग्राइंडर से काटकर चोर करीब चार लाख के जेवर ले गए।
कर्वी माफी निवासी नागेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि यह मकान उनकी ससुराल का है, जहां कोई नहीं रहता। मंगलवार रात चोर ताले काटकर अंदर घुसे। कमरे में रखी तीन अलमारियों की चाबी पास में ही रखी थी, उसी से अलमारी खोलकर सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी के जेवर पार कर दिए।
नागेंद्र ने बताया कि बगल में बेसमेंट का काम चलने से दो दिन पहले ही दूसरे कमरे का सामान इसी कमरे में शिफ्ट किया था। चोरों ने सिर्फ उसी भरे कमरे का ताला तोड़ा। इससे शक है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी थी। पीड़ित का आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस ने मौके पर फिंगरप्रिंट टीम और डॉग स्क्वायड नहीं बुलाया। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में रात्रि गश्त को लेकर आक्रोश है। कर्वी कोतवाल अभयराज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।