चित्रकूट/मानिकपुर। पांच दिन पूर्व पिकअप का पीछा कर पथराव करने में पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा है। एक आरोपी ने बताया कि पिकअप ने दोस्त की बाइक में टक्कर मार दी और बगल से निकलने पर पानी के छींटे पड़े थे। इस पर चालक को पीटने के लिए पीछा किया था। लूटने की कोशिश नहीं की थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
गुरुवार को एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 28/29 जून की रात झरी रेलवे फाटक के पास पिकअप को रोककर लूटने की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची थी। वाहन स्वामी बमरौली प्रयागराज निवासी मनीष पासी ने बताया कि प्रयागराज बमरौली निवासी चालक राजकुमार और खलासी पंकज सतना के रास्ते नागपुर जा रहे थे। अज्ञात लोगों ने बाइक से पीछा कर लूटने की कोशिश की। वाहन न रोकने पर पथराव किया। चालक और खलासी पिकअप खड़ी कर जबलपुर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
जांच टीम व एसओजी ने कई जगह के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मानिकपुर गोविंदनगर निवासी आशीष द्विवेदी, गांधीनगर निवासी सागर उर्फ मुक्कू सोनकर, रेलवे कालोनी मानिकपुर निवासी अमित कुमार, पटेल नगर निवासी सत्येन्द्र पाल, नागेन्द्र पाल, जवाहरनगर निवासी हिमांशु मिश्रा को गुरुवार की सुबह पकड़ा। पूछताछ में आशीष ने बताया कि बाइक से पेट्रोल लेने साथी सुधांशु के साथ जा रहा था। मारकुंडी तिराहे के पास पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क पर भरे पानी का छींटा भी लगा। इस पर वह और साथियों ने पिकअप चालक व खलासी को पीटने के लिए पीछा किया था। एसपी ने बताया कि लूट की कोई घटना नहीं हुई है।