फोटो-24सीकेटीपी 11 शिवकुमारी फाइल फोटो। संवाद
चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बरेठी गांव मोड़ के पास मंगलवार भोर में एक ट्रक ने ननद-भाभी को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वे महोबा से प्रयागराज संगम में अस्थियां विसर्जित करने जा रही थीं।
महोबा जिले के बंधान बाढ़ निवासी त्रिभुवन प्रजापति ने बताया कि उनके पिता रामदीन (100) का 21 फरवरी को निधन हो गया था। सोमवार रात को वे अपने बड़े भाई खेमचंद्र, जगन, रामसहोदर, चाचा बरदानी, पत्नी रानी प्रजापति (45) व सरहज शिवकुमारी (46) के साथ पिता की अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज के संगम के लिए निकले थे। मंगलवार की भोर करीब चार बजे रैपुरा थाना क्षेत्र के बरेठी मोड़ के पास उनकी कार पंचर हो गई।
जब कार का पहिया बदला जा रहा था, तभी उनकी पत्नी व सरहज लघुशंका के लिए कुछ दूर जा रही थीं। इसी दौरान कर्वी से प्रयागराज की ओर जा रहे एक ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां रानी को मृत घोषित कर दिया गया। घायल सरहज शिवकुमारी को जिला अस्पताल रेफर किया, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी भी मौत हो गई।
त्रिभुवन प्रजापति ने बताया कि उनकी पत्नी रानी प्रजापति के एक बेटी अभिलाषा देवी और दो बेटे अमर प्रजापति व अमित हैं। वहीं, सरहज शिवकुमारी के दो बेटियां आकांक्षा व प्रतीक्षा देवी और एक बेटा अंकित है। सीओ राजकमल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई, तब तक परिजन दोनों घायलों को लेकर जा चुके थे। बाद में पता चला कि दोनों महिलाओं की मौत हो गई है। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-24सीकेटीपी 11 शिवकुमारी फाइल फोटो। संवाद