- सतना के लगरगवां रेलवे स्टेशन के पास घटना, केबल चोरी कर ले जाते दो महिलाओं को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। मुंबई-हावड़ा रेलखंड पर सतना-मैहर के बीच लगरगवां रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह सिग्नल का सात मीटर केबल चोरी हो गया। आरपीएफ ने केबल लेकर भागते हुए दो महिलाओं को पकड़ा। इस दौरान एक दर्जन ट्रेनों का आवागमन करीब सवा चार घंटे प्रभावित रहा।
लगरगवां रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब नौ बजे केबल गायब होने की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से अप-डाउन ट्रैक पर ट्रेनों को रोकना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक ने आरपीएफ प्रभारी वीरेंद्र यादव को सूचना दी। आरपीएफ ने सीसीटीवी की मदद से केबल चोरी कर ले जाते दो महिलाओं को देखा। टीम ने स्टेशन के बाहर महिलाओं को पकड़ा।
उधर, ट्रेनों का आवागमन प्रभावित होने की सूचना पर रेलवे की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत करने में जुट गए। दोपहर करीब सवा एक बजे केबल जोड़कर ट्रेनों का आवागमन बहाल किया जा सका। इस दौरान अप लाइन पर अयोध्या एलटीटी, गोरखपुर, दानापुर एसएमवीटी, सतना-कटनी मेमू, डॉ. आंबेडकर, दानापुर स्पेशल, जबलपुर रीवा सहित अन्य पैसेंजर ट्रेनें व मालगाड़ी प्रभावित रहीं।
आरपीएफ प्रभारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि सूचना पर सीसीटीवी कैमरे की मदद दो महिलाओं को पकड़ा गया है। महिलाओं ने अपना नाम पता उतैली निवासी कल्ली उर्फ सुखमंती व कोलगवां के संग्राम कॉलोनी निवासी चिंतामणि बताया। दोनों के खिलाफ रेल संपत्ति अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।