चित्रकूट।डीएम शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में जिलाधिकारी ने राजापुर की खराब स्थिति होने पर नाराजगी जताई। सभी तहसील के नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
रविवार को कैंप कार्यालय में बैठक में डीएम ने पीएमकेएसवाई, डब्लूडीसी 2.0 योजनान्तर्गत डब्लू सीडीसी के वित्तीय वर्ष 2024-25 हेतु 579.89 लाख रुपये के कार्यों का अनुमोदन किया। परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाए एवं परियोजना अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों के सत्यापन हेतु जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामित कराए जाए। फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति ठीक न होने पर कहा कि आप लोग ग्राफ बनाकर कार्य करेंगे तभी प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि जो पंचायत सहायक व रोजगार सहायक कार्य कर रहे हैं उसका निरीक्षण करते रहें। जो पंचायत सहायक कार्य नहीं कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
सीडीओ अमृतपाल कौर, एडीएम उमेश चंद्र निगम, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार ,नायक तहसीलदार, भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप कृषि निदेशक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।