चित्रकूट। महाकुंभ की तैयारियों को लेकर शनिवार को मंडलायुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें महाकुंभ में स्नान के बाद चित्रकूटधाम आने जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए गए। बैठक में गैरहाजिर रहने पर सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने नगर विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जल संस्थान, सिंचाई विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग, होल्डिंग एरिया, परिवहन सुविधा, साफ सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पार्किंग सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मंडलायुक्त ने कहा कि महाकुंभ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को खुद जाकर देखें।
जहां कहीं भी समस्या हो उसको तुरंत ठीक कराएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कहा कि कोई भी जिलास्त्रीय अधिकारी बिना डीएम की अनुमति के जिले से बाहर नहीं जाएंगे। महाकुंभ से जुड़े सभी बिंदुओं की तैयारी सोमवार तक हर हाल में पूरी कर लें। डीएम व एसपी को कहा कि होल्डिंग एरिया का निरीक्षण कर ले, कोई कमी हो तो तत्काल पूरा कराएं। बैठक में सीडीओ अमृतपाल कौर, एसडीएम उमेश चंद्र निगम, एडीएम न्यायिक राजेश प्रसाद, एसमीएम कर्वी पूजा साहू, मानिकपुर मोहम्मद जसीम, डीपीआरओ इंद्र नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान डीके सत्संगी, सिंचाई एसके प्रसाद, दीपक सिंह मौजूद रहे।
खोली में शांतनु का स्वागत करते कांग्रेस कार्यकर्ता। -संवाद