बरगढ़(चित्रकूट)। थाना अंतर्गत गोइयाकला गांव में सगे रिश्तेदारों के बच्चों के बीच हुआ विवाद बढ़ गया। इस विवाद की जानकारी होने पर दोनों पक्ष के बच्चों के पिता पहुंचे और गोली चलने लगी। एक गोली राकेश द्विवेदी के पैर में लगी। गंभीर हालत में उसे मऊ सीएचसी भेजा गया है। आरोपी पिता पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गुइयाकला गांव निवासी राकेश द्विवेदी पुत्र कार्तिकेयनाथ व शिव प्रकाश सगे मौसेरे भाई हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार को राकेश का पुत्र अपने खेत पहुंचा वहां खेत में अन्ना मवेशी घुसी देख उसे भगाने लगा। इसी बीच शिव प्रकाश के पुत्र रोहित व विनय भी आ गए। इन दोनों ने मवेशी को मारने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी दोनों के घर पहुंची तो घटनास्थल पर राकेश व श्रीप्रकाश भी पहुंच गए। आरोप है कि दोनों पक्ष से तमंचे लहराए गए। इसी बीच गोली चली जिसमें एक गोली राकेश के पैर में लगी। गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में हडकंप मच गया। आनन फानन में राकेश को मऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष चित्रसेन सिंह ने बताया कि शिव प्रकाश द्विवेदी, विनय द्विवेदी व रोहित द्विवेदी खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है।