चित्रकूट। कई साल से धर्मनगरी में बन रही प्रदेश की पहली टेबल टॉप हवाई पट्टी का काम पूरा हो गया है। सबकुछ ठीकठाक रहा तो मार्च के पहले पखवाड़े में धर्मनगरी से उड़ान भरने का सपना साकार हो जाएगा। ट्रायल उड़ान लखनऊ के लिए हो सकती है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले इसके शुभारंभ की घोषणा हो सकती है।
भगवान श्रीराम की तपोभूमि में देवांगना एयरपोर्ट में मार्च के प्रथम पखवाड़े में एयरपोर्ट में यात्री विमान उतारने व उड़ाने की तैयारी की जा रही है। पहले 42 या 72 सीट के एयरक्राफ्ट को ट्रायल के रूप में उड़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन भी तैयारी को अंतिम रूप दे रहा है। देवांगना घाटी में खूबसूरत पहाडों के बीच प्रदेश का पहला टेबल टॉप एयरपोर्ट 135 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन विभाग से इसे लाइसेंस भी मिल गया है। अब एयरपोर्ट से विमानों की उड़ाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
दस साल पहले शुरू हुआ था निर्माण
धर्मनगरी में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसको देखते हुए लगभग 10 साल पहले हवाई पट्टी बनाने की शुरुआत की गई थी। इसके बाद एयरपोर्ट का दर्जा देकर अन्य निर्माण कार्य कराए गए हैं। निर्माण कार्य लगभग छह माह पहले पूरा हो गया था।
सरकार की हरी झंडी का इंतजार
एयरपोर्ट के निदेशक विनय गंगेले ने बताया कि प्रदेश के पहले टेबल टॉप देवांगना एयरपोर्ट के शुभारंभ की तिथि केंद्र और प्रदेश सरकार को तय करनी है। हमारी ओर से सभी तैयारियां पूरी हैं। डीएम अभिषेक आनंद ने बताया कि देवांगना हवाई पट्टी का काम पूरा हो गया है। सरकार की हरी झंडी मिलते ही यहां हवाई जहाज उड़ान भरने लगेंगे।