चित्रकूट/मऊ। तहसील क्षेत्र के खंडेहा के एक कॉलेज में हाईस्कूल के सात छात्रों ने प्रधानाचार्य पर अकारण पिटाई का आरोप लगाया। पिटाई से घायल दो छात्र मऊ अस्पताल में भर्ती हैं। अन्य की हालत सामान्य है। मामले में थाने में तहरीर दी गई है। उधर, प्रधानाचार्य ने छात्रों द्वारा उन पर लगाए गए पिटाई के आरोप को बेबुनियाद बताया।
लालता रोड़ मऊ के श्री सुंदर सिंह पटेल स्मृति इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के सात छात्रों ने बताया कि वह सब 14 नवंबर दोपहर को इंटरवल में कॉलेज परिसर में एक स्थान पर खडे़ थे। बताया कि उनमें से एक छात्र उस दिन पढ़ाई करने नहीं आया था। वह बहन को खाना देने आया था। इसी बीच उसके साथ क्लास के अन्य छात्र खड़े थे। तभी प्रधानाचार्य आए और बिना कुछ कहे सभी को पीटने लगे। इससे किसी के हाथ तो किसी के गले में चोट आई। दो छात्रों के परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का दावा भी किया।
इस मामले में प्रधानाचार्य रजनीश बंधु पटेल ने बताया कि किसी को पीटा नहीं गया। आरोप लगाने वाले छात्र एक स्थान पर खड़े होकर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। एक छात्रा की शिकायत पर वह मौके पर पहुंचे और सभी को डांट कर भगाया था। इस दौरान एक दो डंडे छात्रों को मारा भी है, लेकिन इसमें घायल होने जैसी बात नहीं थी। रविवार को छात्रों के अभिभावक थाने पहुंचे।
थाना प्रभारी दुर्गविजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष थाने में बैठकर बातचीत की है। मामला सामने आने के बाद दोनों पक्ष समझौता कर घर चले गए। बातचीत में छात्रों द्वारा कॉलेज की एक छात्रा पर अभद्र टिप्पणी करने से मामला आगे बढ़ा था। अस्पताल में भर्ती होने वाले छात्रों का जो मामला है, वह दोनों छात्र रविवार को अपने घर में सकुशल हैं।