मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के ताड़ी गांव में शनिवार शाम को आग लगने से एक झोपड़ी धू-धूकर जलने लगी। यह देखकर आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, तो आग की लपटें बढ़ गईं और सात झोपड़ियां उसकी चपेेट में आ गईं। आग से पांच मवेशी झुलस गए और करीब 50 हजार रुपये से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
ताड़ी गांव के निवासियों ने बताया कि शाम को बृजलाल पुत्र भुलई के घर के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। तभी एक बच्चे ने माचिस की तीली जलाकर झोपड़ी के बाहर लटक रही लकड़ी में छुआ दी। इससे झोपड़ी जलने लगी।
यह देखकर ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की लपटें बढ़ती चली गईं और रामबालक, बच्चा, कामता, भैय्यन, प्रमोद और दीपक की झोपड़ी को भी चपेट में ले लिया। इस पर ग्रामीणों ने पलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। आग से कई मवेशी भी झुलस गए हैं। एसडीएम नवदीप शुक्ला ने लेखपाल फूलचंद्र के साथ मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को ढांढस बंधाया।