30 सीकेटीपी 20- बारिश के दौरान खराब हुई सड़क। संवाद
चित्रकूट। बारिश और बाढ़ के कारण जिले में क्षतिग्रस्त हुए सात संपर्क मार्गों की अब मरम्मत कराई जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने इन मार्गों के सुधार के लिए 2.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनके बनने से ग्रामीणों और राहगीराें को बड़ी राहत मिलेगी।
तेज बारिश और बाढ़ से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई सड़कों की ऊपरी सतह उखड़ गई, तो कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सड़कों से संपर्क टूट गया है।
सुधार के लिए मिले बजट से मानिकपुर से कल्याणपुर होते हुए धारकुंडी आश्रम तक जाने वाले प्रमुख मार्ग की मरम्मत होगी। साथ ही मानिकपुर से उंग्राडीह, कुसमी संपर्क मार्ग, माधौताला संपर्क मार्ग, सपहा से लौढ़िया खुर्द संपर्क मार्ग, लोहदा से बालकेश्वरी देवी संपर्क मार्ग और छेछरिहा बुजुर्ग संपर्क मार्ग को भी दुरुस्त किया जाएगा।
सभी कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से गुणवत्ता के साथ मरम्मत कार्य कराया जाएगा।- पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी।