चित्रकूट। नगर पालिका कार्यालय के पास स्थित टाटा सर्विसिंग सेंटर में ट्रक मालिक के सर्विसिंग चार्ज न देने पर ट्रक खड़ा करा लिया गया। शनिवार को ट्रक मालिक ने रुपये देकर ट्रक छुड़ा लिया। इसके बाद करीब एक दर्जन लोगों के साथ धावा बोलकर सर्विसिंग सेंटर के मालिक व उसके दो बेटों को जमकर पीटा। आरोप है कि हमलावर एक लाख रुपये नगद व सोने की चेन भी छीन ले गए। पीड़ित ने कोतवाली में तीन नामजद व एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सर्विसिंग सेंटर के मालिक मोहित जैन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि ट्रक मालिक शैलेंद्र सिंह चौहान ने शुक्रवार को ट्रक की सर्विसिंग कराने के बाद रुपये मांगने पर नहीं दिया। इस पर उन्होंने ट्रक सेंटर में खड़ा करा लिया था। शनिवार को सुबह वह रुपये अदा कर ट्रक लेकर चला गया। इसके बाद एक दर्जन लोगों के साथ सेंटर आया और मारपीट करते हुए केबिन में रखे एक लाख रुपये व सोने की चेन छीन ले गया। मारपीट से पिता राकेश जैन व भाई शोभित जैन को भी चोटें आईं हैं। पीड़ित ने हमलावर शैलेंद्र, नफीस, सुल्तान समेत एक दर्जन के खिलाफ तहरीर दी है।
उधर, मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल के मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष ओम केशरवानी, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल गुप्ता, गोलू गुुप्ता व धर्मचंद्र आदि ने हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई है। कुछ आरोपियों को संदेह के आधार पर पकड़कर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
उधर, कई ट्रक मालिकों ने सर्विसिंग सेंटर के मालिक व दो अन्य कर्मचारियों पर उल्टे मारपीट कर नगदी छीनने का आरोप लगाया है। शोभासिंह का पुरवा निवासी ट्रक मालिक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने तीन दर्जन ट्रक मालिकों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र कोतवाली में दिया है। पत्र में आरोप लगाया कि वह अपने ट्रक की मीटर फीडिंग कराने को कह रहे थे। इसी बात को लेकर वर्कशाप के मालिक के बेटों से विवाद हो गया। आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर मारपीट की। इसी दौरान उसके बीस हजार रुपये व सोने की जंजीर छीन ली है।