फोटो05सीकेटीपी-12- परिचय- पहाड़ी मार्ग पर पलटी एसडीएम की बोलेरो को सीधा करते स्थानीय लोग भाकियू
चित्रकूट/पहाड़ी। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे एसडीएम राजापुर की बोलेरो पहाड़ी थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव के पास बाइक सवार दंपती को बचाने में खाई में पलट गई। गनीमत रही कि बोलेरो सवार एसडीएम व अन्य को मामूली चोट आईं हैं। वहीं बाइक सवार दंपती घायल हो गए हैं। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बोलेरो चालक पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वह एसडीएम फूलचंद्र यादव व दो सुरक्षा गार्डों के साथ कर्वी से राजापुर जा रहे थे। बाबूपुर गांव के पास गांव की ओर से बाइक सवार दंपती अचानक बोलेरो के सामने आ गए। उनको बचाने के चक्कर में बोलेरो बेकाबू होकर खाई में पलट गई। बोलेरो सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
बाइक सवार बाबूपुर निवासी रामकेश (42) व उसकी पत्नी आशा देवी (40) के साथ पहाड़ी जा रहे थे। दोनों घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।