फोटो- 31सीकेटीपी 14 सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। संवाद
चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बांधी के पास मंगलवार की भोर हुई सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में डंपर की डीजल टंकी फट गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटों से झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए।
यह घटना अलसुबह लगभग चार बजे हुई। गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो कर्वी से प्रयागराज की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन बांधी के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे एक डंपर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर की डीजल टंकी फट गई और उसमें आग लग गई। डीजल के कारण आग तेजी से फैल गई और डंपर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भीषण लपटों को देखकर सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहन रोक दिए और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में सफल रही। आग के कारण झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
इस घटना में डंपर पूरी तरह से जलकर राख हो गया, वहीं स्कॉर्पियो को भी काफी नुकसान पहुंचा है। वाहन चालक रमेश ने बताया कि हादसे में वे बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि वह आगे बढ़ सके। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि डंपर और स्कॉर्पियो में टक्कर के बाद आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाए जाने के बाद ही यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फोटो- 31सीकेटीपी 14 सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। संवाद