चित्रकूट। मानिकपुर के रुकमा बुजुर्ग के नयापुरवा प्राथमिक विद्यालय में ताला के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में दो शिक्षकों के बीच विवाद की बात सामने आई है।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक नरेंद्र सिंह ने सहायक शिक्षक विनय कुमार सिंह के खिलाफ बहिलपुरवा थाने में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, आरोपी शिक्षक ने भी विपक्षी के खिलाफ तहरीर दी है।
गुरुवार को दोनों शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे थे। बच्चे बाहर भटकते रहे। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। शिकायत पर बीईओ ने मौके पर पहुंचकर ताला तुड़वाया और बच्चों को अंदर कराया और भोजन बनवाया। अनुपस्थित रहने पर नरेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष प्रखर पटेल ने बीएसए को पत्र लिखकर सहायक शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है। उधर, शुक्रवार को सहायक शिक्षक के स्कूल में सोते हुए का वीडियो भी वायरल हो रहा है, हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
एक-दूसरे पर आरोप
इंचार्ज नरेंद्र सिंह का आरोप है कि विनय सिंह 29 सितंबर को प्रयागराज स्थित अपने घर शंकरगढ़ चले गए और रजिस्टर में बीआरसी जाने की बात लिखने का दबाव बनाया। 30 सितंबर को उन्होंने खुद छुट्टी ली थी और व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना दी थी कि विनय स्कूल देखेंगे लेकिन विनय ने फर्जी मेडिकल लगा लिया और स्कूल नहीं आए। फोन पर गाली दी और गोली मारने की धमकी दी। स्कूल में भी पढ़ाते नहीं सोते रहते हैं।
बोले जिम्मेदार
तहरीर पर सहायक अध्यापक विनय कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नरेंद्र सिंह के खिलाफ भी सहायक अध्यापक विनय कुमार सिंह ने तहरीर दी है।- विवेक कुमार सिंह, थाना प्रभारी, बहिलपुरवा
इंचार्ज प्रधानाध्यापक का जवाब नहीं आया है। शनिवार को जवाब आने के बाद कार्रवाई होगी। दोनों में आपसी मतभेद है। मामला थाना तक पहुंचा है। - रंजना शुक्ला, बीएसए