चित्रकूट। पीएम श्री विद्यालय के नौनिहालों को अब टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। वो भी कॉन्वेंट की तरह अपने स्कूलों में भी कुर्सी और मेज पर बैठकर आसानी से शिक्षा अर्जित कर सकेंगे। ये सहूलियत देने के लिए शिक्षा विभाग ने सात पीएम श्री परिषदीय विद्यालयों में फर्नीचर दिया है। इससे इन विद्यालयों में अध्ययनरत 2205 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।
अभी तक परिषदीय विद्यालयों में नौनिहाल टाट और पट्टियों पर बैठकर ज्ञान अर्जित करते थे। इससे उन्हें परेशानी होती थी। इसे देखते हुए शासन ने परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए मेज और कुर्सी व्यवस्था कराने का फैसला लिया। इस मद में बजट आवंटित कर परिषदीय विद्यालयों में कुर्सी-मेज की व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में बेसिक शिक्षा विभाग ने जनपद के सात पीएम श्री विद्यालयों में कुर्सी व मेज की व्यवस्था की है।
जिन स्कूलों में फर्नीचर दिया गया है, उनमें पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय, कछारपुरवा, पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय कसहाई, पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय अशोह, पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय लोधौरा, पीएमश्री विद्यालय बरुआ, मऊ ब्लॉक का पीएमश्री विद्यालय टिकरा और मानिकपुर ब्लॉक के पीएमश्री विद्यालय इटवाडुडैला शामिल हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे छात्रों की उपस्थिति और सीखने की क्षमता में भी सुधार आने की उम्मीद है।