चित्रकूट/राजापुर/मऊ। अलीगढ़ जिले में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत होने के बाद जिले भर में शराब बनाने वाले स्थानों से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की परचून की दुकानों में छापा मारा गया मुख्यालय समेत राजापुर व मऊ में पुलिस टीम ने आट लोगों को पकड़ा है। कुछ स्थानों से शराब बनाने वाले उपकरण व अन्य सामग्री बरामद हुई है। गौरतलब है कि इसी साल 22/23 मार्च को राजापुर क्षेत्र के खोपा व आसपास के गांव में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हुई थी और 20 से अधिक बीमार हुए थे।
तिरहार क्षेत्र के लमियारी, चाँदी, बक्टा खुर्द, सरधुआ व कस्बे के हनुमानगंज मोहल्ले में एसडीएम राजबहादुर, क्षेत्राधिकारी शिवप्रकाश, आबकारी निरीक्षक राजेश यादव, की संयुक्त टीम ने 60 किग्रा लहन व उपकरण नष्ट किए। एसडीएम राजबहादुर ने बताया कि देसी व अंग्रेजी शराब की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया है। जिसमें लमियारी, सरधुआ, राजापुर आदि दुकानों के मालिकों व सेल्समैनों को नियमानुसार कार्य करने की हिदायत दी गई है। चेतावनी दी गई है कि शासन द्वारा निर्धारित किए गए मूल्यों पर ही बिक्री की जाए। मुख्यालय में एसडीएम रामप्रकाश व सीओ शीतला प्रसाद पांडेय की अगुवाई में कई स्थानों पर शराब बनाने वालों को पकड़ा गया है। इसके अलावा मुख्यालय से सटे गांव की परचून की दुकानों में भी चेकिंग की गई।