फोटो नंबर- 10- जगदगुरु रामभद्राचार्य महराज
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। महाराष्ट्र के पालघर में जूना अखाड़ा के दो संतों की हत्या किए जाने की श्रीतुलसीपीठ के पीठाधीश्वर जगदगुरुरामभद्राचार्य ने निंदा की है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराकर हत्यारों को मृत्युदंड की सजा दिलाने की मांग की है। यह भी कहा कि यदि सरकार मामले में सही कार्रवाई नहीं करेगी, तो लॉकडाउन के बाद हजारों संत न्याय पाने के लिए महाराष्ट्र कूच करेंगे।
मंगलवार को जगदगुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि उन्हें संतों की हत्या की जानकारी हुई, तो कष्ट हुआ। संतों की इस तरह हत्या करना निंदनीय है। वह दोनों संत महाराष्ट्र से गुजरात जा रहे थे। वह खुद पहले संत हैं और ऐसे संतों की हत्या करना माफ करने लायक नहीं है। केंद्र व प्रदेश सरकार इस मामले में सीबीआई जांच कराएं और दोषियों को मृत्युदंड की सजा दिलाई जाए। जल्द इस पर कार्रवाई न हुई, तो लॉकडाउन खत्म की तारीख तीन मई के बाद हजारों संत न्याय पाने के लिए महाराष्ट्र कूच करेंगे। उधर जगदगुरु के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सनातन धर्म को नीचा दिखाने वाले आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो कि दुबारा कोई ऐसी हरकत न कर सके। इसके पूर्व श्रीकामदगिरी प्रमुख द्वार के संत मदन दास व अन्य संतों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन देकर इस हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।