चित्रकूट। गेहूं की खरीद अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई है। बोरियों की कमी और गेहूं का उठान न होने से खरीद कार्य प्रभावित है। भारतीय किसान यूनियन ने बृहस्पतिवार को क्रय केंद्रों पर खरीद ठप होने का दावा किया।
भाकियू नेताओं ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह से कई केंद्रों पर खरीद बंद है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। गोदामों में पर्याप्त जगह होने के बावजूद गेहूं का उठान नहीं हो रहा है। इससे खरीद प्रभावित है। गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 15 जून है। समय सीमा नजदीक आने से किसान चिंतित हैं। भाकियू के तहसील अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, मऊ तहसील अध्यक्ष अजीत कुमार शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चौहान आदि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी क्रय केंद्रों पर तत्काल पर्याप्त मात्रा में बोरियां उपलब्ध कराई जाएं। गेहूं उठान व्यवस्था सुचारु हो। लापरवाही बरतने वाले हैंडलिंग ठेकेदार को काली सूची में डाला जाए। इस दौरान भाकियू के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।