पंचायत के उपचुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण पूरी हो गई। मऊ के सुरौंधा गांव से प्रधान पद के लिए दो दावेदारों के बीच दिलचस्प मुकाबला था लेकिन आखिर में पूर्व विजयी प्रधान रामनारायण की पत्नी संवरिया देवी की जीत हुई। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी फागुवार देवी को 361 मतों से पराजित किया।
मंगलवार को जिले के सभी ब्लाक मुख्यालय में 60 ग्राम पंचायत सदस्य और एक प्रधान पद के लिए रविवार को हुए मतगणना कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई। एडीएम महेश चंद्र शर्मा के अलावा एसडीएम रजनीश मिश्रा, राममूर्ति त्रिपाठी, रामसकल मौर्य और सीपी उपाध्याय अपने-अपने ब्लाक मुख्यालय में चल रही मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
मऊ प्रतिनिधि के अनुसार, सुरौंधा गांव में प्रधान पद पर संवरिया देवी को 591 मत मिले। जबकि प्रतिद्वंदी फागुवार देवी को 230 मत मिले। इस प्रकार संवरिया 361 मतों से विजयी हुईं। गौरतलब है कि संवरिया के पति ही पंचायत चुनाव में जीते थे लेकिन परिणाम घोषित होने के कुछ दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। जिससे उपचुनाव कराया गया।