फोटो 05 सीकेटीपी 02 बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त खपटिहा मार्ग ।संवाद
फोटो 05 सीकेटीपी 02 बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त खप्टिहा मार्ग। संवाद
- पुलिया पर कभी भी हो सकता बड़ा हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। भरतपुर ग्राम पंचायत के खप्टिहा गांव का मुख्य रास्ता पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। पहाड़ों से उतर रहे पानी के तेज बहाव ने सड़क को काट दिया है और पुलिया को जर्जर कर दिया है।
रास्ते पर बड़े-बड़े पत्थर टूटकर बिखरे पड़े हैं। पुलिया के ऊपर डाला गया सीमेंटेड लिंटर जगह-जगह से दरक गया है और नीचे से खोखला हो चुका है। हालत ऐसी है कि पुलिया पर खड़े होते ही कंपन महसूस होता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हर बारिश में पहाड़ का सारा पानी इसी पुलिया के ऊपर से तेज रफ्तार में गुजरता है। पानी का प्रेशर इतना तेज होता है कि सड़क का मलबा बह जाता है। अभी भी लोग अपनी बाइक और पैदल जान हथेली पर रखकर निकलने को मजबूर हैं। ग्रामीण महेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि पुल पूरी तरह कमजोर हो चुका है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते, बीमार को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार शिकायत की, पर कोई सुनने वाला नहीं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की ऊंचाई बढ़ाकर नया और मजबूत पुल बनाया जाए। अगर जल्द निर्माण नहीं हुआ, तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सदर एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर उसे ठीक कराया जाएगा।