चित्रकूट। पहाड़ों से पत्थर ढुलाने वाले वाहनों से फर्जी पर्ची लगाकर ठेकेदार व साथियों द्वारा वूसली करने का मामला सामने आया है।
भरतकूप शिवरामपुर व कर्वी के कई वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि इससे प्रतिदिन हजारों के राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि इसकी जांच कराई जाएगी। यदि ठेकेदार ऐसा कराते मिले तो कड़ी कार्रवाई होगी।
भरतकूप निवासी वाहन स्वामी रामनारायण, छेदीलाल, शिवरामपुर निवासी नीरज कुमार, संतोष कछार व कर्वी निवासी शंभू तिवारी आदि ने जिला पंचायत अधिकारी को दिए पत्र में आरोप लगाया कि पहाड़ों से पत्थर ढुलान करने के दौरान वाहनों से वसूलने का ठेका लेने वाले ठेकेदार स्वयं जिला पंचायत के नाम से फर्जी प्रतियां छपवा कर जिला पंचायत नाके पर दी जा रही हैं। जिला पंचायत में ठेका देते समय ठेकेदार को बताया था कि कच्चे माल पर इन प्रतियों का प्रयोग किया जाएगा। इसके विपरीत ठेकेदार व उसके सहयोगी कच्चे और पक्के माल में दबंगई से तहबाजारी वसूलते हैं। महीने में राजस्व की करोड़ों की चपत लग रही है। उधर जिला पंचायत अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि अगर ठेकेदार द्वारा ऐसा करते पाया गया तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।