चित्रकूट में भाजपा सांसद आरके सिंह पटेल के रैपुरा थानाक्षेत्र के बरहट गांव स्थित पेट्रोल पंप से तमंचे की नोक पर हजारों रुपये की लूट मामले में आरोपी पुलिस की रडार पर आ चुके हैं। बुधवार को सीतापुर व शिवरामपुर चौकी क्षेत्र से जिन संदिग्धों को पकड़ा गया था उन्हीं में यह लुटेरे शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि लूटी गई धनराशि में ज्यादातर की बरामद की गई है शत प्रतिशत बरामदगी के बाद इसका पूरा खुलासा शुक्रवार को किया जा सकता है।
गौरतलब कि मंगलवार की रात को बरहट स्थित सांसद आरके सिंह पटेल के शंातिदेवी फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल भराने आए दो बाइक पर पांच युवक कैश बाक्स लूटकर भाग गए थे। एक युवक को रैपुरा थाने के अमरपुर गांव से पकड़ा था।
रात भर इनसे पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को यह साफ हो गया कि इनमें से तीन इस कांड में शामिल हैं जबकि दो अन्य भी हैं। इन सबसे लूटी गई धनराशि बरामद करने के लिए पुलिस टीम कई स्थानों पर दबिश डाल रही है। अपर एसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को मामले का पूरा खुलासा होने की उम्मीद है।