फोटो न- 14 सीकेटीपी 20 मऊ कस्बा में सड़क पर हुए जलभराव के बीच निकलते लोग। संवाद
मऊ (चित्रकूट)। क्षेत्र में हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रमुख सड़कों और गलियों में जलभराव से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। हालांकि, यह बारिश किसानों के लिए खरीफ की फसल, विशेषकर धान की खेती के लिए लाभदायक साबित हुई है।
सोमवार रात की बारिश से मऊ कस्बा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भर गया। मऊ-वियावल रोड पर एक इंटर कॉलेज के पास सड़क पर जलभराव ने स्थानीय निवासियों के लिए दिक्कतें खड़ी की हैं। इस मार्ग का उपयोग बियावल, मवई और बसरेही गांवों के लोग करते हैं। शहर के अन्य हिस्सों में भी सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी हुई।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि हल्की बारिश में भी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे बस यात्रियों को असुविधा होती है। किसान सुरेश कुमार और महेश प्रसाद ने बताया कि सोमवार रात की बारिश ने धान की फसल के लिए अमृत का काम किया है। मंगलवार सुबह से आसमान में बदली छाई है और बूंदाबांदी हो रही है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। कृषि विज्ञान केंद्र गनीवा के मौसम वैज्ञानिकों ने अनुसार अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।