चित्रकूट। आकांक्षी जिले में एक्सप्रेसवे बनाने के पहले विकास की श्रेणी तक लाने के लिए चित्रकूट में कई अधूरी सड़कों का निर्माण कराया गया। प्रयागराज को जाने वाले एनएच 35 की दो लेन सड़क और आगे बढ़ाई जा रही हैं। चित्रकूट में काम पूरा हो गया है। दस्यु प्रभावित जिले में सड़कें बन रही हैं। इससे पाठा भी विकास के रास्ते सुगम हो गए हैं।
प्रधानमंत्री ने धर्मनगरी के विकास के लिए चित्रकूट को अति पिछडे़ क्षेत्र की क्षेणी में रखा है। चित्रकूट में सड़क , बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा क्षेत्र में काम किया जा रहा है। धर्मनगरी के बेड़ी पुलिया से रामघाट व शिवरापुर से धर्मनगरी और भरतकूप से कालिंजर तक जंगलों के बीच सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। पाठा में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। बरगढ़ क्षेत्र में परानू बाबा के लिए सड़क बनाई गई है। अब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण से बडे़ शहरों से आवागमन सुगम हो जाएगा।
मध्यप्रदेश सरकार ने की घोषणा : चित्रकूट। जिले की सीमा से लगे मप्र के धर्मनगरी क्षेत्र से श्रीराम वनगमन तक सड़क बनाने की घोषणा मध्यप्रदेश सरकार ने की है। सड़क निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। धर्मनगरी क्षेत्र को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा भी की गई है।
तेजी से हो रहा जिले का विकास : चित्रकूट। बुंदेलीसेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, समाजसेवी, अरुण गुप्ता, व्यापारी नेता शानू गुप्ता, रामबाबू गुप्ता आदि का कहना कि कई सड़कों का निर्माण पूरा होने से जिले का विकास तेजी से हो रहा है।
बाईपास न बनने से निराश : चित्रकूट। शहर में बाईपास की मांग पूरी नहीं हो पा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा से जिले के निवासी आस लगाए थे कि बाईपास बनाने की घोषणा की जाएगी पर ऐसा नहीं हुआ। अमर उजाला ने भी कई बार इस मांग को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। सांसद आरके सिंह पटेल व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा है कि इस दिशा में कार्रवाई चल रही है।