चित्रकूट। राजापुर तहसील क्षेत्र के अमवा बक्टा खुर्द गांव के किसान ने बिना मुआवजा दिए सड़क निर्माण का आरोप लगाया और सोमवार को परिजनों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचा। वहां जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मुआवजा की मांग की।
अमवा बक्टा खुर्द निवासी भानु प्रताप ने बताया कि गांव में चकबंदी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद कुछ लोग उसकी जमीन से जबरदस्ती रास्ता निकाल कर सड़क का निर्माण करा रहे हैं। बताया कि जिला पंचायत की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। किसान ने कहा कि बिना भूमि अधिग्रहण और मुआवजा नहीं दिया गया है लेकिन सड़क का निर्माण शुरू करा दिया गया है। इससे कृषि योग्य जमीन का नुकसान हो रहा है। इस मौके पर रामाधार, शिव प्रताप, सुनीत, सुशील, चंद्रयानी, फूल कुमारी मौजूद रही।