चित्रकूट/मानिकपुर। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के ओहन बांध के पास अनियंत्रित टेंपो ने यात्रियों से भरे ई रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा पलट गया और उस पर सवार तीन युवतियों समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें दो की हालत गंभीर है। जबकि चालक टेंपो लेकर भाग गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ब्यूर गांव निवासी प्रियंका पत्नी धर्मराज मंगलवार को अपने परिजनों के साथ बहिलपुरवा गांव के पास ब्रह्मबाबा मंदिर पूजन के लिए गई थी। देर शाम को जब सभी लोग ई रिक्शा से गांव लौट रहे थे तभी ओहन बांध के पास सामने से तेज गति से आ रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। इसमें प्रियंका समेत ब्यूर निवासी गोपाली पुत्र चुनकावन, अनिकेत पुत्र धर्मराज, रूपना पुत्री रामनाथ, मोनिका पुत्री रामनाथ व रन्नो पुत्री सीताराम सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना अंतर्गत लालापुर गांव के पास सड़क पर नील गाय से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पिता, पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। खजुरिहाखुर्द गांव निवासी देवीदयाल पुत्र बुटानी पुत्र कल्लू व रिश्तेदार रामाकोल गांव निवासी शिवपाल पुत्र गणेश के साथ बाइक से सेजवार के ब्रह्मबाबा मंदिर दर्शन करने गया था। रात लगभग 8 बजे वहां से वापसी के दौरान जैसे ही हाईवे के लालापुर के पास पहुंचा तो अचानक सड़क पर नील गाय आ गई।