मानिकपुर (चित्रकूट)। क्षेत्र में बरदहा नदी का जलस्तर बढ़ने से रपटा पानी में डूब गया। इसके चलते 12 से अधिक गांवों का संपर्क मार्ग बंद हो गया। ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है।
बारिश का सबसे बड़ा असर किसानों पर पड़ा है। उनकी पहले ही तिल, उड़द, मूंग, ज्वार, अरहर और बाजरा समेत अन्य खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसान अब रबी की बोआई को लेकर चिंतित हैं। खेतों में पानी भरा होने के कारण सरसों, चना, मसूर और अलसी की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। किसान दयाराम, ज्ञान सिंह, भागवत सिंह, रामप्रताप, दरबारी लाल और छत्रपाल ने बताया कि अब खेत सूखने का इंतजार है।
बारिश के बीच पाठा क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित है। कल्याणपुर, बराहमाफी, रामपुर, करौहा, जारों माफी और लक्ष्मणपुर समेत कई गांवों में ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है। बिजली विभाग के जेई प्रमोद कुमार गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।
एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राजस्व विभाग की टीमों को सक्रिय किया गया है। (संवाद)