मऊ। डीएम शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकासखंड मऊ की ग्राम पंचायत चकौर स्थित प्राथमिक विद्यालय में जन चौपाल लगाई गई। डीएम ने गांववासियों की समस्याएं सुनीं। कुछ समस्याओं का तत्काल निस्तारण के आदेश दिए।
डीएम ने एसडीएम मऊ सौरभ यादव को निर्देश दिए कि चौपाल में राजस्व के जो मामले आए हैं, उनका मौके पर जाकर निस्तारण कराया जाए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि सर्वे कराकर पेंशन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाएं। सीडीओ अमृतपाल कौर ने ग्राम वासियों को बताया कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों को निशुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराता है। उन्होंने ग्राम वासियों से यह भी कहा कि अगर कोई आवास दिलाने के नाम पर पैसा की मांग करें तो उसकी सूचना दें, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
चौपाल में परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद, उप निदेशक कृषि राजकुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्र नारायण सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबाष चंद्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीके शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी व आनंद कुमार सिंह समेत आदि अधिकारी मौजूद रहे।
गोशाला का किया निरीक्षण
चौपाल के बाद डीएम व सीडीओ ने ग्राम पंचायत चकौर स्थित गोशाला का भी निरीक्षण किया। डीएम ने ग्राम प्रधान व सचिव को निर्देश दिए कि गोवंशों के लिए हरे चारे की भी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। गोशाला में पानी की समुचित व्यवस्था रहे एवं साफ सफाई अच्छे ढंग से कराई जाए। संवाद