शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा। इसमें समायोजन पर आरक्षण और नियमितीकरण के मुद्दे उठाए गए।
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन ने ज्ञापन में बताया कि द्वितीय बैच के शिक्षामित्रों के समायोजन संबंधी आदेश और समय सारिणी शासन ने घोषित कर दी है। इसमें जन्मतिथि को वरीयता मानते हुए समायोजन किया गया है। लेकिन कुछ सपा नेताओं द्वारा बीएसए पर दबाव डालकर आरक्षण लागू कराया जा रहा है।
शिक्षामित्रों को चयन और प्रशिक्षण में पहले से ही आरक्षण दिया जा चुका है, ऐसे में समायोजन में आरक्षण नहीं होना चाहिए। उधर, उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की जिला इकाई ने ज्ञापन में सभी अनुदेशकों को उसी पद पर नियमित किए जाने, नियमित होने तक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के अध्यापकों की तर्ज पर पचीस हजार प्रतिमाह मानदेय दिए जाने, कार्यकाल 11 माह 29 दिन करने, स्वत: नवीनीकरण की सुविधा और बची हुई सीटों पर तैनाती देने की मांग की है।