फोटो -3 - बेडीपुलिया के पास वाहनों की जांच के दौरान एक बाइक में पांच लोगों के बैठे मिलने पर चालक को स?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जिले में बनाए गए शेल्टरहोम से 21 लोगों को गांव भेजा गया है। शुक्रवार को बाहर से आए 28 लोगों को शेल्टर होम भेजा गया है। सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस की रिपोर्ट को लेकर अफवाह फैलाने के मामले में डॉ. अभिषेक मौर्य के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि अब तक भेजे गए 173 सैंपल में 124 की रिपोर्ट मिली है। सभी रिपोर्ट निगेटिव है। कुछ दिन पूर्व फेसबुक पर एक मरीज को कोरोना वायरस की पॉजिटिव रिपोर्ट बताने की पोस्ट वायरल करने के आरोपी डॉ. अभिषेक मौर्य के खिलाफ कोतवाली में आईटी एक्ट व लॉकडाउन उल्लघंन की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
फेसबुक से मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. अभिषेक मौर्य नेशनल रिसर्च सेंटर फार एग्रो फारेस्टी झांसी में रिसर्च एसोसिएशट हैं। एक प्रमुख राजनीतिक दल के नेता ने भी इसी पोस्ट को वायरल किया था। आरोपी डॉ. मौर्य का कहना है कि उन्होंने उसी नेता की पोस्ट को आगे बढाया था। इसकी जानकारी पूरे जिला प्रशासन को है, लेकिन नेता की राजनीतिक पकड़ मजबूत होने के कारण उस पर कोई कार्रवाई नहीं कराई जा रही है।
सदर तहसील चित्रकूट, मऊ, मानिकपुर व राजापुर के एसडीएम ने बताया कि शेल्टर होम में ठहरे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जिन लोगों की 14 दिन की क्वारंटीन अवधि पूरी हो गई है उन्हें राशन सामग्री देकर गांव भेजा गया है। इनको अगले 14 दिन तक गांव के घर में ही क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
दस वाहनों के चालान
चित्रकूट। यातायात प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि बेड़ी पुलिया से लेकर शहर के प्रमुख मार्ग पर दिनभर चार व दो पहिया वाहन चालकों के कागजात की जांच की गई। कई लोग अपनी बाइक पर छह सवारी तक बैठाए मिले। इन लोगों को समझाकर घर भेजा गया और चालान काटा गया है। शुक्रवार को दस वाहनों का चालान काटा गया है।