फोटो- 8- पोस्टमार्टम हाउस में घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन
- फोटो : CHITRAKUTT
बरगढ़(चित्रकूट)। थानाक्षेत्र के बोझ गांव के जंगल में मिले बारा प्रयागराज निवासी ट्रक ड्राइवर भरतलाल के शव मामले में पुलिस ने उसके दोस्त बोझ गांव निवासी पप्पू कोल व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ हो रही है। हत्या का कारण रुपये का लेनदेन बताया गया है। आरोपी मकान बनवाने का ठेका भी लेता है। मृतक के घर बनाने को लेकर 26 हजार की पेशगी को लेकर ही विवाद हुआ बताया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
प्रयागराज जिले की सीमा से सटे चित्रकूट के बरगढ़ बोझ गांव के जंगल में बारा निवासी भरतलाल का रक्तरंजित शव बुधवार की दोपहर को मिला था। शिनाख्त के बाद यह स्पष्ट हो गया कि उसकी लाठी डंडो या अन्य चीज से सिर चेहरे पर प्रहार कर हत्या कर शव फेंका गया है। मृतक के दोनों हाथ बंधे थे। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। थानाध्यक्ष चित्रसेन सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे मनोज कुमार की तहरीर पर बोझ गांव निवासी पप्पू कोल व उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 302 व 201 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल प्रेमप्रसंग का कोई मामला अभी सामने नहीं आया है। दोनों दोस्त थे और कुछ लेनदेन का मामला बताया गया है। संभावना जताई गई है कि पुलिस ने नामजद आरोपी को भी पकड़ा है लेकिन पूरे मामले की गहन छानबीन के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है।
घटना की जानकारी के बाद बरगढ़ व पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक का बोझ गांव के पप्पूकोल से दोस्ताना था। पप्पू मकान बनाने वाला कारीगर है। उसे मृतक भरत ने अपना मकान बनवाने का ठेका दिया था। जिसके लिए 26 हजार रुपये पेशगी भी दी थी। कई दिन तक पप्पू ने मकान बनाने का काम भी किया। इसके बाद एक सप्ताह से वह काम पर नहीं आया था। जिससे सोमवार को भरत घर से बोझ गांव में पप्पू के घर जाने की बात कहकर निकला था। बुधवार की दोपहर को उसका इसी गांव के जंगल में शव मिलने पर पप्पू द्वारा ही हत्या करने की पूरी संभावना है। काम पर न आने के कारण भरत पप्पू से पेशगी की रकम लौटाने का दबाव बना रहा था लेकिन वह रुपये लौटाने को तैयार नहीं था।
पुलिस नहीं ढूढ़ पाई मृतक का मोबाइल
चित्रकूट। मृतक भरत व आरोपी पप्पू कोल आपस में दोस्त भी बन गए थे। पुलिस व ग्रामीणों के अनुसार दोनों आपस में बैठकर शराब भी पीते थे। दोनों की पत्नियों की कई साल पहले मौत हो चुकी हैं। मृतक के मोबाइल को पुलिस अभी नहीं ढूंढ पाई है। मृतक का चश्मा पुलिस ने बरामद किया है।