प्रदेश सरकार के सात माडल शहरों में धर्मनगरी चित्रकूट भी शामिल है। इसकी तैयारी पर मंडलायुक्त वेंकटेश्वर लू ने संयुक्त नियोजक नगर एंव ग्राम विकास विभाग झांसी एन के पुष्कर्णा के साथ सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मॉडल सिटी के लिए सभी विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने विभाग से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर एक हफ्ते की भीतर देने को कहा। ताकि स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जा सके।
उन्होंने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि पर्यटन विभाग की बैठक हर माह जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कराएं। उन्होंने कहा कि धर्म नगरी के विकास में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिक सोमवार ने कहा कि मॉडल सिटी बन जाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। संयुक्त नियोजक ने बताया कि मंडलायुक्त ने मॉडल सिटी में होने वाले कार्यों को नगरपालिका ईओ को समझाकर उसके अनुसार कार्य कराने को कहा।
मॉडल सिटी बन जाने से शहर में यातायात, परिवहन, हैरिटेज स्थानों का सुधार एवं संरक्षण, चिकित्सा सुविधाएं आदि में सुधार होगा। बैठक एडीएम महेश चंद्र शर्मा, एसडीएम रजनीश कुमार मिश्र, रामसकल मौर्य, उपनिदेशक सूचना एस एन त्रिपाठी सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।