चित्रकूट/खोही। जिले में कई दिनों से चल रही कोरेाना वैक्सीन की कमी फिलहाल बुधवार को नहीं दिखी। इसके पूर्व हर सेंटर से टीका लगवाने वाले वैक्सीन न होने पर मायूस होकर लौट रहे थे। बुधवार को जिले को दस हजार वैक्सीन की डोज मिली जिसमें 7320 टीके लगाए गए।
खोही निवासी अनिरुद्ध प्रसाद सोनी ने बताया कि चार दिन से वह टीका लगवाने को लौट रहे थे लेकिन बुधवार को स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन आने पर टीका लगवाया। खोही के अलावा ग्राम पंचायत बिहारा में वैक्सीन लगवाने के लिए दिनभर लंबी लाइन लगी रही। एएनएम सेंटर पर 100 लोगों को टीके लगाये गये। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. मुकेश पहाड़ी ने बताया कि बुधवार को मिली दस हजार डोज में सात हजार से ज्यादा के टीके लगवाये गए हैं। जिले में पहली व दूसरी डोज मिलाकर कुल एक लाख 89 हजार टीके लगाये जा चुके हैं।