चित्रकूट। अगर आप रोज रौली कल्याणपुर रेलवे फाटक से होकर गुजरते हैं, तो अगले पांच दिन के लिए अपना रास्ता बदल लीजिए।
रेलवे दोहरीकरण और सड़क निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर की सुबह 10 बजे से 30 नवंबर की सुबह 10 बजे तक फाटक संख्या 485 बंद रहेगा। इस दौरान यहां से किसी भी वाहन या पैदल यात्री को गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
रेलवे के कनिष्ठ अभियंता (निर्माण) मेराज अहमद ने बताया कि भरतकूप-बांदा रेलखंड के रौली कल्याणपुर फाटक पर दोहरीकरण और सड़क संबंधी कार्य कराया जाना है। रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा को ध्यान में रखते हुए फाटक को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
फाटक बंद होने से लोगों को भरतकूप और सुदिनपुर क्रॉसिंग से आना-जाना होगा। इसके लिए उन्हें करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे स्कूली बच्चों, किसानों, दूध व सब्जी लेकर जाने वालों और रोज काम पर जाने वाले लोगों को समय ज्यादा लगेगा।
रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में वे इस फाटक की ओर आवागमन न करें और भरतकूप व सुदिनपुर क्रॉसिंग का ही इस्तेमाल करें। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।