संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। 31 अगस्त 2025 तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया न कराने वाले 22446 कार्ड धारकों का राशन सितंबर माह में रोक दिया गया है। जैसे ही यह कार्ड धारक ई-केवाईसी करा लेंगे, उन्हें बकाया राशन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
जिले में कुल 1,99,874 राशन कार्ड हैं। इनमें से 16 सितंबर तक केवल 88.28 प्रतिशत लोगों ने ही ई-केवाईसी कराई है, जबकि करीब 22,446 उपभोक्ता अब भी ऐसे हैं, जिन्होंने अंतिम तिथि 31 अगस्त बीत जाने के बाद भी ई-केवाईसी नहीं कराई।
जिला पूर्ति अधिकारी कमल नयन सिंह ने बताया कि पात्र गृहस्थी एवं अन्त्योदय कार्डधारकों (0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को छोड़कर) के लिए समय पर ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे शेष लाभार्थियों की प्रक्रिया पूरी होगी, वैसे-वैसे उन्हें अगले माह से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
राशन केवल उन्हीं उपभोक्ताओं का रोका गया है जिनकी ई-केवाईसी नहीं हुई है। बाकी लोगों को समय पर राशन मिलता रहेगा। यदि कोई उपभोक्ता आगे भी ई-केवाईसी नहीं कराता है तो उसका कार्ड निरस्त कर दिया जाएगा।