मानिकपुर (चित्रकूट)। रानीपुर टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों पर तीन आदिवासी ग्रामीणों से मारपीट करने का आरोप है। इस मामले में एक वन दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित राधे कोल, लवकुश कोल और रामशरण कोल ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात तिलक समारोह से लौटते समय उन्हें रोका गया। टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों ने उन्हें वन विभाग परिसर में खंभे से बांधकर बेल्ट से पिटाई की गई, जिससे वे घायल हो गए।
घायलों का मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। रविवार को भाजपा जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री आशीष कुमार 50 ग्रामीणों के साथ मारकुंडी थाने पहुंचे। उन्होंने दोषी वन कर्मियों पर कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।
डीएफओ प्रत्यूष कटियार ने प्राथमिक जांच के आधार पर वन दरोगा उमेश शुक्ला को निलंबित किया है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।