खोही (चित्रकूट)। ओडिशा में आए चक्रवात का असर चित्रकूट जिले के मौसम पर दिख रहा है। पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा है। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदला है। जिले में दो दिन और बारिश के आसार हैं, फिर मौसम साफ होगा। जिले में 24 सितंबर को 5 मिमी, 25 को 80 मिमी और 26 सितंबर को 75 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस तरह तीन दिनों में कुल 160 मिमी बारिश हुई है। बारिश से ग्रामीण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अगले दो दिन बारिश जारी रहेगी। (संवाद)