राजापुर। कस्बे में प्राइवेट चिकित्सालयों में अधिकारियों ने औचक छापा मारा इससे हड़कंप मच गया। इसमें से पांच प्राइवेट चिकित्सालयों को मानक विहीन पाए जाने के कारण सील लगाकर बंद करा दिया गया है। अन्य प्राइवेट चिकित्सालय छापेमारी के भय से चिकित्सालय का दरवाजा बंद कर भाग गए।
राजापुर कस्बे में लगभग एक दर्जन से अधिक चिकित्सालय चल रहे है। जिसमें मात्र 8 चिकित्सालयों के पास लाइसेंस हैं। कुछ ऐसे चिकित्सालय है जहां बीएएमएस की डिग्री लेकर एलोपैथ का इलाज करते हैं और आयुर्वेद की दवा नहीं रहती जो मानक पूर्ण नहीं करती है। शिकायत के आधार पर छापेमारी की संयुक्त टीम ने जांच कर हेल्थ हेवेन हॉस्पिटल, मानस हेल्थ केयर, अनुष्ठा हॉस्पिटल, शंकर लाल पाली क्लीनिक, चैतन्य हॉस्पिटल में छापा डालकर कमी पाए जाने पर सील कर दिया।
टीम मेंं एसडीएम प्रमोद झा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.अरूण कुमार आर्या, सामुदायिक केंद्र पहाड़ी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.उदय सिंह व सीओ निष्ठा उपाध्याय शामिल रहे। एसडीएम प्रमोद झा ने बताया कि मानव जीवन में स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले चिकित्सालयों को संचालन करना व झोला छाप डाक्टरों की अब खैर नहीं। उन्होंने बताया कि एक अस्पताल में बिना डिग्री होल्डर के एक डॉक्टर ऑपरेशन थियेटर में हाईड्रोसील का ऑपरेशन करते हुए पकड़ा गया है। मरीज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापुर में भर्ती कराया गया है।