कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की दो बार गिरफ्तारी से कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर हाइवे पर जाम लगा दिया। एक घंटे से ज्यादा समय तक प्रशासन व पुलिस अधिकारी कांग्रेसियों को समझाते रहे। लेकिन कोई सड़क से हटने को तैयार नहीं हुआ।
गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बी हनुमंथा राव के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। जिसमें कार्यकर्ता हाथों में झंडे बैनर, लेकर केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए पटेल चौराहे पहुंच गए। जिलाध्यक्ष रामभवन ने कहा कि देश की के लिए शहीद होने वाले सैनिकों क साथ केंद्र सरकार लगातार अन्याय कर रही हैं।
जब कोई इस बात को लोकतांत्रिक तरीके उठाना चाहता है तो उसको दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला उपाध्यक्ष रंजना पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास कर रही है। प्रदेश संगठन मंत्री पंकज मिश्रा ने कहा कि कांग्र्रेस पार्टी ने हमेशा सैनिकों के हित में कार्य किया है। भाजपा सरकार मात्र दिखावा कर रही है।
गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियां गलत होने से कश्मीर में रहने वाले लोग पाकिस्तान के गोली बारी के शिकार हो रहे हैं। इसी दौरान कांग्रेसियों ने हाइवे पर बैठकर जाम लगा दिया। एक घंटे 20 मिनट तक चले जाम के दौरान दो बार सदर एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और सीओ राजेश तिवारी कोतवाल सत्यपाल सिंह के साथ सड़क से हटने को कहते रहे।
लेकिन कोई नहीं हटा। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर बाद राष्ट्रीय सचिव की अगुवाई में ज्ञापन दिया गया। जिसमें राहुल गांधी की गिरफ्तारी के मामले को लेकर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों को दूर करने और शहीद जवान के परिजनों को मदद दिलाने की मांग की गई।