चित्रकूट। करीब 50 बच्चों के यौन शोषण में गिरफ्तार सिंचाई विभाग के निलंबित जेई के मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सीबीआई को जेई के घिनौने कार्य का पता चल गया, लेकिन पुलिस को इस बारे में कोई सुराग तक नहीं लगा। जेई विदेशों की वेबसाइटों पर अश्लील वीडियो और फोटो का आदान प्रदान करता रहा।
जेई की गिरफ्तारी के बाद उसके अपराधों की पोल खोलने के लिए सीबीआई कई दिनों से जिले में डेरा डाले है। इस मामले में पुलिस के कार्य पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि जिला पुलिस और खुफिया तंत्र जेई के करतूतों के बारे में क्यों नहीं पता लगा सकी।
जेई काफी दिनों से बच्चों क े अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उनको विदेशी वेबसाइटों में डालकर मोटी कमाई कर रहा था, लेकिन इसकी भनक तक पुलिस को नहीं लगी, जबकि सीबीआई को इस मामले का पता चल गया।
कहा जा रहा कि इस मामले में जेई के खिलाफ किसी ने लिखित शिकायत भी नहीं की है। इस कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एक तबका यह भी कह रहा है कि जेई हमेशा गरीब परिवार के बच्चों को ही शिकार बनाता था, जिससे यह मामला उजागर नहीं हो सका।