चित्रकूट। एससी/एसटी आरक्षण वर्गीकरण व क्रीमी लेयर मामले को लेकर बसपा समेत कई संगठनों का भारत बंद का असर आंशिक दिखा। अन्य स्थानों पर कोई असर नहीं रहा। बसपा समेत कई संगठनों ने प्रदर्शन कर कई बार हाईवे पर जाम लगाया। कई जगह कार्यकर्ताओं ने दुकानें बंद कराने का प्रयास किया। हल्की नोकझोंक भी हुई। जाम के दौरान कई जगह एंबुलेंस व स्कूली वाहन कुछ देर के लिए फंसे रहे। प्रदर्शनकारियों ने तहसील में परिसर पहुंचकर बैठक की। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
बुधवार को भारतबंद पर बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी आंबेडकर वाहनी, भीम आर्मी, सरदार सेना, भारतीय बौद्ध महासभा, आभास महासभा सहित कई अन्य संगठनों ने कर्वी में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बसपा कार्यालय से जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा के नेतृत्व में जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए बसपाई तहसील परिसर पहुंचकर प्रस्तावित आरक्षण पर विरोध जताया। कौशलेंद्र कुमार, मयंक द्विवेदी, विनय पाल सोमपाल, इकराम वर्मा, इफ्तिार अहमद आदि मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी की बाबा साहब आंबेडकर वाहनी के कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में कहा कि आरक्षण वर्गीकरण का प्रस्ताव गलत है। जिलाध्यक्ष रामकिशोर कुरील, सपा नेता मान सिंह पटेल, गुलाब खां, उमाकांत यादव, नरेंद्र यादव, हीरालाल पटेल आदि मौजूद रहे।
भीम आर्मी, सरदार सेना, भारतीय बौद्ध महासभा व आभास महासभा के कार्यकर्ताओं ने शहर के पुरानी कोतवाली परिसर में धरना दिया। इसके बाद जुलूस निकाला। राष्ट्रीय राजमार्ग के रोडवेज बस स्टैंड, धनुष चौहरा, पटेल तिराहे पर जाम लगाकर विरोध किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई स्थानों पर खड़े होकर दुकानें बंद करा दी। कई जगह हल्की नोकझोंक भी हुई।
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संजय गौतम, सरदार सेना की बुंदेलखंड क्षेत्र की अध्यक्ष मीरा देवी, संजय, राजेश, अमित मोहित, दिनेश सनेही, कुंवर बहादुर आदि मौजूद रहे। सीओ सिटी राजकमल, कोतवाल उपेंद्र सिंह के साथ सीतापुर, शिवरामपुर, भरतकूप, पहाड़ी, सरैंया चौकी व थाने की पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह- जगह तैनात रही।