चित्रकूट। प्राथमिक विद्यालय पवारी कला में बुधवार को पढ़ाने के दौरान अचानक प्रधानाध्यापक की तबीयत बिगड़ गई। वहां मौजूद शिक्षक और शिक्षिकाओं ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शीतलपुर तरौंहा निवासी अशोक कुमार सिंह (54) प्राथमिक विद्यालय पवारी कला में प्रधानाध्यापक थे। बुधवार की सुबह स्कूल में रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद पढ़ाने लगे। लगभग 10 बजे अचानक उनके सीने में दर्द उठा और वह कराहते हुए कुर्सी पर बैठ गये। अन्य कक्षाओं से दौड़े शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई गई कि हार्ट अटैक से मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया।
घटना की जानकारी होते ही सभी शिक्षक संघ के पदाधिकारी अवध बिहारी सिंह, अखिलेश पांडेय, कमलेश उर्फ बराती लाल पांडेय, लवलेश, राधेश्याम पटेल, सर्वेश यादव, मनोज पटेल, प्रेमचंद्र शिवहरे, अनूप मिश्रा, भाजपा नेता सुनील पटेल, सपा नेता निर्भय सिंह पटेल, मान सिंह पटेल, लौरी प्रधानपति मुन्ना सिंह, विजय सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों को ढांढ़स बंधाया। उनकी पत्नी सरलादेवी भी शिक्षक हैं। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं।