चित्रकूट। संसद भवन से विपक्षी पार्टियों के सांसदों के निलंबन के खिलाफ समाजवादी पार्टी, आमआदमी पार्टी, अपना दल (कमेरावादी), कांग्रेस और माकपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। इसे भाजपा सरकार की तानाशाही बताकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
शुक्रवार को जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव के नेतृत्व जिला कार्यालय से नारेबाजी करते हुए सपा कार्यकर्ता तहसील परिसर पहुंचे। इसमें आम आदमी पार्टी और अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ता भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने तहसील परिसर में धरना दिया। विधायक अनिल प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोट रही है। जनता की आवाज उठाने पर 142 सांसदों को निकाल दिया। यह तानाशाहीपूर्ण निर्णय है।
जिला महासचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संविधान को सुरक्षित रखना जरूरी है। लोहिया वाहनी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव निर्भय सिंह, नरेंद्र यादव, पप्पू जायसवाल, गुलाब खां,लल्लू मोदनवाल, अमृतलाल गुप्ता के अलावा आप के अनवर अली, मीर अली, लवकुश रामबाबू आदि मौजूद रहे।
उधर, सांसदों के निलंबन पर माकपा व जनवादी महिला समिति के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मंडल सचिव रूद्र प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। शिव मोहन यादव, चुनकूराम पाल, अजय सिंह व लल्लू राम भी शामिल रहे।