चित्रकूट/खोही। सोमवती अमावस्या को लेकर रामघाट से शनिवार को पुलिस ने अतिक्रमण हटवाया। इस पर कई दुकानदारों की पुलिस से नोकझोंक हुई। आक्रोशित दुकानदारों ने दुकानें बंद कर यूपी-एमपी सीमा मार्ग पर जाम लगा दिया। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस ने अभद्रता की।
सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए शनिवार को कोतवाली व सीतापुर चौकी पुलिस टीम ने रामघाट पर अतिक्रमण हटाने पहुंची। जिन दुकानों के आगे पन्नी और टिनशेड लगे थे, उनका सामान हटवाया। कहा गया कि सामान दुकानों के अंदर ही रखें। इस दौरान दुकानदारों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई व्यापारियों से अभद्रता की। इसमें कुछ महिला व्यापारी भी शामिल हैं। इसके बाद दुकानें बंद कर दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए यूपी एमपी की सीमा स्थली वाली सड़क पर जाम लगा दिया। लगभग आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान तीर्थयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर सीओ रामकमल, कोतवाल उपेंद्र सिंह व चौकी प्रभारी अनिल गुप्ता दुकानदारों को मनाने पहुंचे। समझाया कि दुकानों के बाहर रामघाट में जिन दुकानदारों ने अतिक्रमण किया था, उनको ही समान दुकान के अंदर रखने के लिए कहा है। काफी देर बहस के बाद दुकानदार पुलिस की बात मान गए और दुकान के बाहर सामग्री न लगाने की बात कहकर जाम खत्म कर दिया। व्यापारी नेता सानू गुप्ता, शुभम केसरवानी, दिनेश कुमार, मोनू गुप्ता, दिलीप कुमार, रमेश गुप्ता भी शामिल रहे।