ईदगाह में नमाज अदा करते नमाजी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बकरीद का पर्व जिले में सौहार्द से मनाया गया। शनिवार की सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों में चहल-पहल शुरू हो गई। बड़ी संख्या में लोगों में मस्जिदों में नमाज अदा कर खुशहाली की दुआ की। एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकवाद दी। इसके बाद कुर्बानियों का सिलसिला शुरू हुआ।
नमाज स्थल पर राजनैतिक दलों के नेताओं और समाजसेवियों ने पहुंचकर बकरीद की बधाई दी। जगह-जगह बकरे की कुर्बानी दी गई। शनिवार को भी मस्जिदों के बाहर बड़ी संख्या में बकरों की खरीद फरोख्त हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी निरीक्षण करते रहे। एडीएम विजय नारायण पांडेय, सदर एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी और सीओ प्रवीण कुमार ने नमाजियों से गले मिलकर बधाई दी। सदर विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, सपा जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव, बसपा नेता जगदीश प्रसाद, रामलखन निषाद, भाजपा नेता हबीब आदि ने भी बकरीद की बधाई दी।
राजापुर कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बकरीद सौहार्द से मनाई गई। मस्जिदों में नमाज अदा की गई। मऊ प्रतिनिधि के अनुसार बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। यह पर्व तीन दिन तक मनाया जाएगा। मानिकपुर प्रतिनिधि के अनुसार बकरीद का पर्व भाईचारा व सौहार्द के साथ मनाया गया। कस्बे सहित गांव कैलहा, सरैया में पूरे दिन चहल पहल रही। पहाड़ी और बरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे सहित क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक मुस्लिम बहुल गांवों में बकरीद मनाई गई। शिवरामपुर, भरतकूप एवं खोही प्रतिनिधि के अनुसार नमाज के बाद गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी गई।